Lucknow news: आवारा कुत्ते ने 8 साल के बच्चे को नोचा, हालत गंभीर
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। ताजा घटना मलिहाबाद इलाके की है, जहां एक आवारा कुत्ते ने 8 साल के मासूम बच्चे पर हमला कर दिया। बच्चे को गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
तकिया गांव निवासी ई-रिक्शा चालक शादाब का बेटा दाऊद सोमवार सुबह दरोगा चक्की के पास एक दुकान पर समोसा खरीदने गया था। इसी दौरान लालूहार रोड पर घूम रहे एक आवारा कुत्ते ने उसे देख लिया और अचानक हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्चे को दौड़ाया और जमीन पर गिराकर उसके चेहरे, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर बुरी तरह काट लिया।
बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने लाठी-डंडों की मदद से कुत्ते को भगाया और बच्चे को उसके चंगुल से छुड़ाया। यदि समय रहते लोग नहीं पहुंचते तो घटना और भी गंभीर हो सकती थी। हमले में दाऊद बुरी तरह घायल हो गया और अधिक खून बहने के कारण बेहोश हो गया।
परिजनों ने बच्चे को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलिहाबाद पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत देखते हुए उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह आवारा कुत्ता लंबे समय से इस इलाके में घूम रहा है और पहले भी कई लोगों पर हमला कर चुका है। खासकर बाइक सवारों को दौड़ाकर काटने की घटनाएं सामने आई हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए जल्द से जल्द अभियान चलाने की मांग की मांग की है।
