लखनऊ-हरदोई रोड पर पिकअप पलटा, 12 लोग घायल; 3 गंभीर रूप से घायल अस्पताल में भर्ती
लखनऊ के रहीमाबाद इलाके में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। दुबग्गा सब्जी मंडी से सब्जी खरीदकर लौट रहे सब्जी विक्रेताओं से भरा एक पिकअप डाला अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया और पलट गया।
यह हादसा हरदोई-लखनऊ रोड पर चिहुंटा गांव के पास हुआ। पिकअप में सवार करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद सड़क पर सब्जी बिखर गई और अफरा-तफरी मच गई।
पिकअप चालक संजय कुमार, जो रहीमाबाद के जिन्दौर गांव के निवासी हैं, दुबग्गा मंडी से सब्जी खरीदकर लौट रहे थे। चिहुंटा गांव के पास पिकअप की स्टीयरिंग अचानक फेल हो गई, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर से टकराकर पलट गया।
हादसे में सूरज, उमेश, रोहित, कमलेश, अरविंद, गुड्डू, संजय, विनय, राम सिंह, किशोरी, फारुख और अयान घायल हो गए। इनमें सूरज, उमेश और किशोरी को गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को रहीमाबाद के निजी अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल तीनों लोगों को भर्ती कर लिया गया है, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
