लखनऊ: लोन दिलाने के नाम पर 4.11 लाख की ठगी, पुलिस ने दर्ज किया ‘Loan fraud’ का मुकदमा
लखनऊ के आशियाना इलाके में एक व्यक्ति को लोन दिलाने के नाम पर 4.11 लाख रुपये की ठगी का शिकार होना पड़ा है। ठगों ने खुद को बैंक और लोन एजेंसी से जुड़ा बताकर पीड़ित से प्रोसेसिंग फीस और अन्य शुल्कों के नाम पर यह बड़ी रकम ऐंठ ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आशियाना के शारदा नगर निवासी सर्वेश कुमार वर्मा ने अपने एक परिचित के माध्यम से लोन के लिए आवेदन किया था। 20 मार्च को उन्हें अंकित मिश्रा नामक व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को लोन दिलाने में सक्षम बताया। शुरुआत में आरोपी ने प्रोसेसिंग फीस के नाम पर 5,700 रुपये मांगे। इसके बाद अलग-अलग बहाने बनाकर लगातार पैसे की मांग जारी रखी।
पीड़ित सर्वेश वर्मा का आरोप है कि आरोपियों ने विश्वास जीतने के लिए एचडीएफसी बैंक का फर्जी आईडी कार्ड, आधार कार्ड और फर्जी चेक की फोटो व्हाट्सएप पर भेजी। अंकित मिश्रा ने हेमंत नामक एक अन्य व्यक्ति से भी बात कराई, जिसने खुद को बैंक मैनेजर बताया। इस तरह ठगों ने कई बार में कुल 4,11,700 रुपये ठग लिए।
पीड़ित का कहना है कि आरोपी अब भी उनसे संपर्क कर और पैसों की मांग कर रहे हैं। पीड़ित की तहरीर पर आशियाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस इंस्पेक्टर छत्रपाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।
