लखनऊ में युवती से दुष्कर्म और ब्लैकमेल, वीडियो भेजकर तुड़वाई दो शादियां, आरोपी गिरफ्तार (Lucknow crime news)
लखनऊ के मड़ियांव इलाके में एक युवती को ब्लैकमेल कर उसका सात साल तक शोषण करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने न सिर्फ युवती से दो लाख रुपये ऐंठे, बल्कि उसकी दो शादियां भी तुड़वा दीं। पीड़िता की शिकायत पर मड़ियांव पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता के मुताबिक, यह घटना 2015 में शुरू हुई थी। आरोपी शांत शरण ने उसे किताब देने के बहाने बुलाया और फिर परिचित के घर ले जाकर नशीली कोल्ड ड्रिंक पिला दी। बेहोशी की हालत में उसने युवती के साथ दुष्कर्म किया और उसका अश्लील वीडियो बना लिया। होश आने पर जब युवती ने विरोध किया, तो आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
इसके बाद आरोपी शांत शरण ने वीडियो के दम पर युवती को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। वह लगातार युवती का शारीरिक शोषण करता रहा और उससे मिलने के लिए मजबूर करता रहा। 2022 में उसने वीडियो डिलीट करने के नाम पर युवती से दो लाख रुपये भी ऐंठ लिए।
पीड़िता ने बताया कि 2023 में जब उसकी शादी तय हुई, तो आरोपी ने उसके मंगेतर को वीडियो भेजकर शादी तुड़वा दी। हाल ही में उसकी दूसरी शादी कानपुर में तय हुई थी, जो 9 मार्च को होनी थी। आरोपी ने फिर से मंगेतर और ससुराल वालों को वीडियो भेजकर यह शादी भी तुड़वा दी। लगातार दो शादियां टूटने से पीड़िता और उसका परिवार गहरे सदमे में है।
पीड़िता की तहरीर पर मड़ियांव पुलिस ने बुधवार को आरोपी शांत शरण के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। जांच के बाद गुरुवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवती को बिना शादी के अपने साथ रखना चाहता था और धमकी देता था कि अगर उसने कहीं शादी की तो वह वीडियो के दम पर उसे तुड़वा देगा।
