धनबाद गैस रिसाव: कांग्रेस का बीसीसीएल पर बड़ा हमला, मृतकों के आश्रितों के लिए 10-10 लाख रुपये मुआवजे की मांग
धनबाद में जहरीली गैस रिसाव से दो महिलाओं की मौत के बाद कांग्रेस ने सरकार से प्रत्येक पीड़ित परिवार को 10-10 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग की है। अखिल भारतीय कांग्रेस ने इस घटना के लिए बीसीसीएल (भारत कोकिंग कोल लिमिटेड) को जिम्मेदार ठहराया है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य सह झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह ने केंदुआडीह राजपूत बस्ती में हुई इस घटना पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने धनबाद जिला प्रशासन एवं बीसीसीएल प्रबंधन से पीड़ित परिवार के लिए 10-10 लाख मुआवजे की मांग की है।
ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि उस क्षेत्र में लगभग 1000 से ज्यादा आबादी इस जहरीली गैस रिसाव से प्रभावित है। उन्होंने सभी प्रभावित लोगों को अविलंब सुरक्षित स्थान पर ले जाने की व्यवस्था करने की मांग की। ठंड के मौसम को देखते हुए उन्होंने विस्थापन एवं पुनर्वास नीति के तहत सभी लोगों को तुरंत आवास की व्यवस्था करने पर जोर दिया। उन्होंने प्रशासन से बीमार पड़े लोगों को उचित इलाज की व्यवस्था कराने का भी आग्रह किया।
