धनबाद नगर निगम चुनाव: मारवाड़ी सम्मेलन का बड़ा फैसला, अब एक ही उम्मीदवार को मिलेगा समाज का समर्थन
झारखंड हाई कोर्ट के आदेश के बाद राज्य में नगर निकाय चुनाव की तैयारी तेज हो गई है। 30 मार्च, 2026 से पहले चुनाव संपन्न होने की उम्मीद है, जिसके मद्देनजर राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
धनबाद जिला मारवाड़ी सम्मेलन की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक रविवार को जिलाध्यक्ष कृष्णा अग्रवाल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और नगर निगम चुनाव को लेकर निर्णायक रणनीति पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में संगठन को नई ऊर्जा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए यह सर्वसम्मति से तय किया गया कि प्रांत और प्रमंडल स्तर पर रिक्त हुए जिला स्तरीय पदों पर अध्यक्ष एवं महासचिव संगठन हित में अपने विवेक से नए पदाधिकारियों का मनोनयन करेंगे। इसके अलावा, धनबाद जिला में सदस्यता संख्या को 1000 से अधिक करने के लिए एक विशेष सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।
बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय आगामी संभावित धनबाद नगर निगम चुनाव पर गहन विचार-विमर्श के बाद लिया गया। समाज के पदाधिकारियों ने दृढ़ता से कहा कि अगर समाज एकजुट हो जाए तो उसकी शक्ति अपार हो जाती है। इस विचार के साथ निर्णायक फैसला लिया गया कि महापौर और पार्षद पदों के लिए समाज द्वारा सर्वसम्मति से एक ही प्रत्याशी का समर्थन करने की रणनीति पर काम किया जाएगा। मारवाड़ी जिला सम्मेलन का यह निर्णय हार-जीत में निर्णायक भूमिका निभा सकता है।
