ताज महोत्सव 2026 की तारीखें घोषित, इस बार शिल्पग्राम की जगह खुले मैदान में होगा आयोजन; जानें टिकट और स्टॉल की दरें
शिल्प, कला, संस्कृति और व्यंजन के उत्सव, ताजमहोत्सव का आयोजन शिल्पग्राम की जगह आई लव आगरा सेल्फी प्वाइंट के पास खुले मैदान पर होगा। टिकट की दर पिछले वर्ष की तरह 50 रुपये रखी गई है। इस बार स्टाल की दर 10 प्रतिशत तक बढ़ाई जाएगी। शनिवार को ताज महोत्सव समिति की बैठक में 18 से 27 फरवरी तक होने जा रहे 34 वें ताजमहोत्सव के कार्यक्रम सदर बाजार, आई लव आगरा सेल्फी प्वाइंट, ग्यारह सीढ़ी, फतेहपुर सीकरी और बटेश्वर में आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
हर वर्ष फरवरी में ताजमहोत्सव का आयोजन शिल्पग्राम में किया जाता है, इस समय शिल्पग्राम में यूनटी माल और जीर्णोद्धार का काम चल रहा है। ताज महोत्सव समिति के अध्यक्ष मंडलायुक्त शैलेंद्र सिंह ने बताया कि ताजमहोत्सव का आयोजन 18 से 27 फरवरी तक शिल्पग्राम की जगह आई लव आगरा सेल्फी प्वाइंट के पास खाली मैदान पर किया जाएगा। पहली बार खुले मैदान में ताजमहोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। ताजमहोत्सव स्थल में प्रवेश टिकट की दर पिछले वर्ष की तरह 50 रुपये प्रति व्यक्ति (3 वर्ष से अधिक आयु के लिए) रखी गई है।
शिल्प मेला के लिए लगाई जाने वाली अस्थाई स्टालों की दरों में लगभग 10 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। पार्किंग की व्यवस्था कलाकृति मैदान में की जाएगी। सदर बाजार, आई लव आगरा सेल्फी प्वाइंट, ग्यारह सीढ़ी और फतेहपुर सीकरी और बटेश्वर आदि स्थलों पर विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन होंगे। बैठक में डीएम अरविंद मलप्पा बंगारी, एडीए उपाध्यक्ष एम. अरून्मोली, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह आदि मौजूद रहे।
1992 से ताजमहोत्सव का हर वर्ष आयोजन हो रहा है। हर बार शिल्पग्राम में आयोजन होता है हर बार ताजमहोत्सव की थीम दी जाती है। ताजमहोत्सव 2026 की थीम के लिए लोगों से सुझाव मांगे जाएंगे। इसके बाद ताजमहोत्सव थीम निर्धारित की जाएगी।
ताजमहोत्सव की आय बढ़ाने के लिए भी बैठक में चर्चा की गई। आय बढ़ाने के लिए प्रायोजकों की तलाश करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही जल्द ही कलाकारों का भी चयन किया जाएगा। मेला स्थल व्यवस्था समिति के अध्यक्ष नगरायुक्त और टेंडर समिति की अध्यक्ष एडीए उपाध्यक्ष को स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं सुधारने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था के लिए भी इंतजाम किए जाएंगे।
