नकली घी का काला कारोबार! आगरा में ब्रांडेड पैकिंग में बिक रहा था मिलावटी माल, पुलिस ने मारा छापा
आगरा के कालिंदी विहार में ब्रांडेड घी के नाम पर नकली घी बेचने का मामला सामने आया है। कंपनी के मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने छापा मारकर 134 डिब्बे नकली घी बरामद किए हैं। आरोपित मनोज कुमार मौके से फरार हो गया, जिसके खिलाफ कॉपीराइट और ट्रेडमार्क एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
तपन एग्रो इंडस्ट्रीज के लीगल मैनेजर सीएस पराशर ने बताया कि काफी समय से मुरली दीप गोल्ड व बालाजी दीप गोल्ड के नाम से पंजीकृत ब्रांड की नकल का माल तैयार करने और बेचने की शिकायत मिल रही थी। उन्होंने इसकी शिकायत डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास से की थी। सोमवार सुबह ट्रांस यमुना थाना पुलिस और मैनेजर ने संयुक्त रूप से कृष्णा कान्हा रेजीडेंसी निवासी मनोज कुमार के मकान पर छापा मारा।
पुलिस ने बेसमेंट से मुरली दीप गोल्ड नाम के आधा किलो के 98 डिब्बे और बालाजी दीप गोल्ड के नाम के एक किलो के 36 डिब्बे बरामद किए। पुलिस ने बरामद माल को सील कर दिया है। थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि कंपनी मैनेजर की तहरीर पर आरोपित के खिलाफ कापीराइट एक्ट और ट्रेडमार्क एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई की जा रही है।
यह घटना दिखाती है कि कैसे कुछ लोग मुनाफा कमाने के लिए आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। नकली घी में अक्सर रिफाइंड तेल, डालडा और अन्य हानिकारक रसायन मिलाए जाते हैं, जो गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकते हैं। पुलिस अब फरार आरोपित की तलाश कर रही है ताकि इस पूरे रैकेट का पर्दाफाश किया जा सके।
