लखनऊ में प्लॉट दिलाने के नाम पर व्यवसायी से 6.5 लाख की ठगी, 6 लोगों पर केस दर्ज
लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में जमीन के नाम पर धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। अवध विहार योजना के रहने वाले व्यवसायी रमापति तिवारी ने आरोप लगाया है कि उन्हें कल्ली पश्चिम में एक प्लॉट दिलाने का झांसा देकर 6.50 लाख रुपये ठग लिए गए। जालसाजों ने पहले उनसे रुपये लिए और जमीन का रजिस्टर्ड एग्रीमेंट भी कर दिया, लेकिन जब रजिस्ट्री की बारी आई तो वे टालमटोल करने लगे।
जांच में पता चला कि जालसाजों ने उसी प्लॉट को किसी और व्यक्ति को बेच दिया था। पीड़ित रमापति तिवारी ने बताया कि खिरका के रहने वाले अमित और नंद किशोर ने उन्हें देशराज रावत और उर्मिला के नाम पर मौजूद 14,290 वर्ग फुट के भूखंड के बारे में बताया था। 13 अप्रैल 2023 को जमीन का एग्रीमेंट हुआ था।
पीड़ित के अनुसार, अमित और नंद किशोर ने धोखे से उसी जमीन का सौदा उनके ड्राइवर पवन त्रिवेदी और पड़ोसी हरिकृष्ण शुक्ला से कर दिया। जब रमापति तिवारी ने रजिस्ट्री के लिए दबाव बनाया तो आरोपियों ने बहाने बनाना शुरू कर दिया। बाद में पता चला कि जमीन पहले ही बेची जा चुकी है।
पीजीआई पुलिस ने रमापति तिवारी की तहरीर पर देशराज रावत, उर्मिला, अमित सैनी, नंद किशोर यादव, पवन त्रिवेदी और हरिकृष्ण शुक्ला समेत छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
