लखनऊ में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों को रौंदा, 10 फीट उछलकर गिरे दोनों युवकों की मौत
लखनऊ के सरोजनीनगर थानाक्षेत्र में रविवार शाम एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक हवा में 10 फीट तक उछलकर सड़क पर जा गिरे।
पुलिस के अनुसार, मृतक विनीत (22) मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और सरोजनीनगर की नई बस्ती कॉलोनी में रहता था। वहीं, दूसरा मृतक सोनू (16) सुभाष नगर का निवासी था। दोनों युवक मुर्गी दाना बनाने वाली एक कंपनी में काम करते थे। रविवार शाम दोनों एक ही बाइक से रिंग रोड की सर्विस रोड से कानपुर रोड की ओर जा रहे थे।
टोल बूथ के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल सीएचसी पहुंचाया, जहां से उन्हें लोकबंधु अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि तलाशी के दौरान मिले मोबाइल फोन से मृतकों के परिजनों को सूचना दी गई है। सरोजनीनगर पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे उनकी जान बच सकती थी।
