लखनऊ में शादी के 4 महीने बाद युवक ने खाया जहर, इलाज के दौरान मौत (Lucknow news)
लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र के रामचौरा गांव में एक युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान दे दी। युवक की शादी इसी साल फरवरी में हुई थी। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है। युवक ने आत्महत्या करने से पहले अपने छोटे भाई को फोन कर इसकी जानकारी दी थी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।
शादी के चार महीने बाद उठाया कदम
रामचौरा गांव निवासी राम आधार के बेटे अंबर (25) की शादी इसी साल 4 फरवरी को अर्चना से हुई थी। परिवार में सब कुछ सामान्य था और सभी लोग खुश थे। शनिवार सुबह अंबर बिना किसी को बताए घर से निकल गया। काफी देर तक वापस न आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
भाई को फोन कर दी जानकारी
शनिवार देर शाम अंबर ने अपने छोटे भाई सूरज को फोन किया और बताया कि उसने जहरीला पदार्थ खा लिया है। उसने बताया कि वह बरविरवा नहर के पास सड़क किनारे पड़ा हुआ है। यह सुनकर परिवार में हड़कंप मच गया। परिजन तुरंत बताए गए स्थान पर पहुंचे, जहां अंबर अचेत अवस्था में मिला। परिजन उसे आनन-फानन में ट्रॉमा सेंटर ले गए।
इलाज के दौरान मौत
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने अंबर को भर्ती कर लिया, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। इलाज के दौरान शनिवार देर शाम उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि उन्हें नहीं पता कि अंबर ने यह कदम क्यों उठाया।
पत्नी हुई बेसुध
पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी अर्चना बेसुध हो गई। परिवार की महिलाएं उसे होश में लाने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन वह बार-बार बेहोश हो जा रही थी। होश में आने पर वह केवल अपने पति का नाम ले रही थी और एक बार उसका चेहरा देखने की गुहार लगा रही थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
