सिवान में दरिंदगी: शादी का झांसा देकर किशोरी को आर्केस्ट्रा वालों के हवाले किया, मुख्य आरोपित गिरफ्तार
सिवान जिले के दारौंदा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी के साथ हुई दरिंदगी का मामला सामने आया है। मुख्य आरोपित रोहित यादव ने शादी का झूठा वादा कर किशोरी को अपने जाल में फंसाया।
पीड़िता के अनुसार, आरोपित रोहित यादव उससे करीब एक महीने से मोबाइल पर संपर्क में था। 24 नवंबर की रात को उसने किशोरी को पास के मंदिर के पास बुलाया, जब उसके घर के सभी सदस्य एक शादी समारोह में गए हुए थे। रात करीब 10 बजे आरोपित उसे बाइक से अपने घर ले गया और एक कमरे में छुपाकर रखा। वहां उसने शादी का झांसा देकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
अगले दिन आरोपित उसे जनता बाजार ले गया, जहां उसने किशोरी को आर्केस्ट्रा संचालकों के हवाले कर दिया। आरोप है कि वहां आरोपित द्वारा भेजे गए दो अन्य युवकों ने भी उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। पीड़िता चार दिनों तक वहां रही। 28 नवंबर की रात आरोपित उसे यह कहकर ले गया कि वह उसे घर छोड़ देगा, लेकिन उसने उसे दूसरे स्थान सतजोरा बाजार पर एक अन्य आर्केस्ट्रा संचालक के यहां छोड़ दिया।
पीड़िता 1 दिसंबर को वैजापुर बिशनपुर आर्केस्ट्रा में डांस के लिए गई, जहां लोगों ने उसे पहचान लिया और पुलिस को सूचना दी। पीड़िता ने पुलिस और लोगों के बीच अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मंगलवार को मुख्य आरोपित रोहित यादव को गिरफ्तार कर लिया। किशोरी को मेडिकल जांच और 164 का बयान दर्ज कराने के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।
