सिवान से वाराणसी का सफर होगा आसान, 28 की जगह 47 पिलर पर बनेगा पुल; 100 KM कम होगी दूरी
बिहार के सिवान और यूपी के चांदपुर के बीच सरयू नदी पर बन रहे पुल के निर्माण में बड़ा बदलाव किया गया है। यह परियोजना पिछले आठ वर्षों से अधूरी है, जिसका मुख्य कारण सरयू नदी की तेज कटान है। रुड़की से आई तकनीकी टीम ने नदी के कटाव को देखते हुए पुल के डिजाइन में बदलाव का सुझाव दिया था।
नए प्रस्ताव के अनुसार, अब यह पुल 28 की जगह 47 पिलरों पर बनेगा। पुल की लंबाई भी 1275 मीटर से बढ़ाकर 2550 मीटर करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इस बदलाव से परियोजना की लागत में भी भारी वृद्धि हुई है। मूल रूप से 226.98 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना अब 512 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। इसमें पुल निर्माण के अलावा गाइड बांध और सड़क चौड़ीकरण पर अतिरिक्त खर्च शामिल है।
यह पुल सिवान के रघुनाथपुर प्रखंड के गभीरार गांव और यूपी के चांदपुर को जोड़ेगा। इसके बनने से सिवान और छपरा के लोगों को बलिया, वाराणसी और आजमगढ़ जैसे शहरों तक पहुंचने में काफी आसानी होगी। पुल पूरा होने पर इन शहरों की दूरी लगभग 100 किलोमीटर कम हो जाएगी, जिससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी। हालांकि, पुल के निर्माण में अभी और समय लग सकता है क्योंकि नए प्रस्ताव को अभी स्वीकृति मिलनी बाकी है।
