BR Ambedkar University: 100 से अधिक कॉलेजों पर 50 हजार का जुर्माना, प्रैक्टिकल अंक दर्ज नहीं
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय से संबद्ध 100 से अधिक कॉलेजों ने स्नातक और परास्नातक विषम सेमेस्टर की प्रयोगात्मक परीक्षा के अंक निर्धारित समय सीमा तक दर्ज नहीं किए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इन कॉलेजों पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना लगाने की घोषणा की है। यह कदम छात्रों के परीक्षा परिणामों में हो रही देरी को देखते हुए उठाया गया है।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओम प्रकाश ने बताया कि प्रयोगात्मक अंक दर्ज करने के लिए कॉलेजों को कई बार अवसर दिए गए, लेकिन उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया। कई कॉलेजों ने शिक्षकों को बुलाकर परीक्षा आयोजित ही नहीं की, जिसके कारण अंक ऑनलाइन दर्ज नहीं हो सके। इस लापरवाही के कारण राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों के परिणाम अटक गए हैं।
स्नातक और परास्नातक विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं 22 दिसंबर को समाप्त हो गई थीं और उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन भी काफी हद तक पूरा हो चुका है। हालांकि, प्रयोगात्मक परीक्षा के अंकों के अभाव में मेजर विषयों का मूल्यांकन पूरा होने के बावजूद परिणाम जारी नहीं किए जा पा रहे हैं। विश्वविद्यालय ने पहले 31 दिसंबर, फिर 10 जनवरी और अंततः 15 जनवरी तक का समय दिया था, लेकिन कॉलेजों ने इन तिथियों का पालन नहीं किया।
