Agra news: सींगना में अंतरराष्ट्रीय आलू अनुसंधान केंद्र का शिलान्यास जल्द, किसानों को मिलेगा लाभ
आगरा के सींगना क्षेत्र के किसानों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। फतेहपुर सीकरी से सांसद राजकुमार चाहर ने बताया कि सींगना में अंतरराष्ट्रीय आलू अनुसंधान केंद्र (International Potato Research Center) का शिलान्यास जल्द ही किया जाएगा। यह केंद्र क्षेत्र के आलू उत्पादक किसानों के लिए गेमचेंजर साबित होगा। यह केंद्र किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, शोध और नवाचार से जोड़ेगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी।
सांसद चाहर ने नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने किसानों और ग्रामीण विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। बैठक में सींगना में बनने वाले इस अनुसंधान केंद्र के शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर गहन विचार-विमर्श हुआ। इस केंद्र के माध्यम से किसान उत्तम क्वालिटी के आलू के बीज उगा सकेंगे और उन्हें निर्यात भी कर पाएंगे।
सांसद चाहर ने कहा कि यह परियोजना भारतीय आलू किसानों के जीवन में क्रांतिकारी परिवर्तन लाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की सराहना की और कहा कि सरकार कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। यह केंद्र विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
