आगरा: बाग फरजाना में कूड़ा सेग्रीगेशन (Waste Segregation) पर जागरूकता अभियान
नगर निगम आगरा शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में, हरीपर्वत जोन के वार्ड संख्या 95 स्थित बाग फरजाना क्षेत्र में एक विशेष डोर-टू-डोर जागरूकता अभियान चलाया गया। नगर निगम की सहयोगी संस्था की टीम ने घर-घर जाकर स्थानीय निवासियों को कूड़े के सही पृथक्करण (Waste Segregation) के महत्व के बारे में बताया।
टीम ने निवासियों को समझाया कि स्वच्छता बनाए रखने के लिए कूड़े को चार श्रेणियों में अलग करना अत्यंत आवश्यक है। पहली श्रेणी गीले कूड़े की है, जिसमें प्रकृति से प्राप्त सभी अपशिष्ट शामिल हैं। इसमें सब्जियों और फलों के छिलके, बचा हुआ भोजन, अंडे के छिलके और अन्य जैविक सामग्री शामिल हैं।
दूसरी श्रेणी सूखे कूड़े की है, जिसमें मानव निर्मित वस्तुएं जैसे प्लास्टिक, गत्ता, लोहा, शीशा और अन्य ठोस अपशिष्ट आते हैं। टीम ने बताया कि इस कूड़े को अलग रखने से रीसाइक्लिंग की प्रक्रिया आसान हो जाती है। तीसरी श्रेणी जैव अपशिष्ट कूड़े की है, जिसमें बच्चों के डायपर, सेनेटरी पैड और पुरानी दवाएं शामिल हैं। चौथी श्रेणी घरेलू हानिकारक कूड़े की है, जिसमें खराब इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और बैटरी जैसी अनुपयोगी वस्तुएं आती हैं। टीम ने स्पष्ट किया कि इस कूड़े को सामान्य कचरे के साथ नहीं मिलाया जाना चाहिए।
