राम मंदिर चंदा चोरी पर CM योगी का विपक्ष पर तीखा हमला, कहा- ‘जेब से एक पैसा नहीं निकला’
उत्तर प्रदेश विधानमंडल के मॉनसून सत्र की शुरुआत से ठीक पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर जोरदार प्रहार किया। उन्होंने गरीब, युवा, महिला और किसान के मुद्दों पर विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि ये सभी वर्ग डबल इंजन सरकार की प्राथमिकता में हैं। मुख्यमंत्री ने राम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी के आरोपों पर विरोधी दलों के नेताओं को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जो लोग आज अयोध्या के मुद्दे को उठा रहे हैं, उन्होंने कभी जय श्रीराम बोलने वालों पर लाठी-गोली चलवाई थी। उन्होंने राम मंदिर निर्माण को बाधित करने के लिए न्यायालय में वकीलों की फौज खड़ी करने का भी आरोप लगाया। सीएम योगी ने कहा कि राम मंदिर में चंदा चोरी की बात वे लोग कर रहे हैं, जिनके जेब से मंदिर निर्माण के लिए एक पैसा भी नहीं निकला। उन्होंने कहा कि देश-दुनिया इनका दोहरा चरित्र देख रही है।
मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि जिन लोगों के शासनकाल में किसानों के हितों पर कुठाराघात हुआ, जिन्होंने किसानों को खेत के लिए पानी नहीं दिया और बिचौलियों को बढ़ावा दिया, वे आज किसान की बात करके उनके जख्मों पर नमक छिड़क रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना का उल्लेख किया, जिसके तहत उत्तर प्रदेश में 24 लाख हेक्टेयर भूमि में अतिरिक्त सिंचाई की सुविधा दी गई है। सीएम ने बताया कि पैक हाउस के माध्यम से औद्यानिक फसलों का विभिन्न देशों में निर्यात हो रहा है।
किसानों के मुद्दे पर सपा को घेरते हुए सीएम योगी ने अपनी सरकार में गन्ना किसानों को हुए लाभों को भी गिनाया। उन्होंने कहा कि 2007 से 2017 के बीच 29 चीनी मिलें बंद हुईं और 21 औने-पौने दाम पर बेच दी गईं, जबकि उनकी सरकार में 3.23 लाख करोड़ रुपये से अधिक का गन्ना मूल्य भुगतान हुआ है। उन्होंने बताया कि 122 में से 105 से अधिक चीनी मिलें चौथे-पांचवें दिन ही किसानों के खाते में गन्ना मूल्य का भुगतान कर रही हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी के शासनकाल में 10 साल के गन्ना मूल्य बकाया होने का जिक्र किया और कहा कि वे लोग किसानों को आत्महत्या और पलायन के लिए मजबूर करते थे। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार आज 16 लाख ट्यूबवेल को निशुल्क बिजली उपलब्ध करा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सत्र प्रदेश के हित और 25 करोड़ आमजन के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विपक्ष नकारात्मकता की राजनीति छोड़कर प्रदेश के विकास व समृद्धि में योगदान देगा। उन्होंने कहा कि विधायिका आमजन की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है और संसदीय प्रणाली में यह गरीब, किसान, युवा और महिला से जुड़े मुद्दों पर चर्चा, समीक्षा और समाधान का सबसे अच्छा प्लेटफॉर्म है।
सीएम योगी ने कहा कि खेती-किसानी, स्कूल-कॉलेज में एडमिशन और कांवड़ यात्रियों के लिए यह महीना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवा छात्रों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि उत्तर प्रदेश की धरती किसानों की मेहनत से सोना उगलती है। उन्होंने बताया कि भारत की कुल कृषि भूमि में यूपी की हिस्सेदारी मात्र 11 प्रतिशत है, लेकिन हमारे किसान देश के कुल खाद्यान्न उत्पादन में 21-22 फीसदी का योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी जी के विजन के अनुरूप किसानों की आय दोगुनी से अधिक हुई है।
सेवानिवृत्ति के बाद सरकारी अभिलेख नहीं सौंपे, पूर्व सहायक पर FIR की तैयारी
बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में कानपुर को शामिल करने की मांग, पीएम को लिखा पत्र
यूपीसीडा का बजट दोगुना: उत्तर प्रदेश को मिलेगा औद्योगिक विकास का नया बूस्ट
Agra News: स्कूल से लौट रही छात्रा से छेड़छाड़, चार नामजद
आगरा में नाली निर्माण पर विवाद: अवैध कब्जे पर छावनी परिषद और व्यापारियों में आरोप-प्रत्यारोप
दुर्घटना में मृत रेलकर्मी की पत्नी को मिला 1 करोड़ का बीमा चेक, रेलवे की पहल
लखनऊ में आउटसोर्स बस कंडक्टरों ने संविदा भर्ती की मांग को लेकर किया प्रदर्शन
लखनऊ में कांवड़ियों के वेश में अराजकतत्वों ने स्कूली वैन पर किया पथराव, बच्चों की सुरक्षा पर सवाल
