लखनऊ में पुलिस ने बचाई Suicide करने जा रहे ट्रक ड्राइवर की जान, पत्नी से झगड़े के बाद उठाया कदम
लखनऊ के गोसाईगंज क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एक ट्रक ड्राइवर ने घरेलू विवाद के चलते आत्महत्या का प्रयास किया। समय रहते गोसाईगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ड्राइवर की जान बचा ली। पुलिस ने बताया कि ड्राइवर का अपनी पत्नी से विवाद हो गया था, जिसके बाद वह मानसिक तनाव में था और उसने यह कदम उठाया।
पुलिस को शनिवार को सूचना मिली कि एक ट्रक ड्राइवर एक्सप्रेस-वे पर आत्महत्या का प्रयास कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी डी.के. सिंह ने तत्काल आरक्षी रंजीत कुमार को मौके पर भेजा। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो ड्राइवर ट्रक की स्टीयरिंग से फंदे के सहारे बेहोशी की हालत में लटका हुआ था। हालांकि, उसकी सांसें चल रही थीं। आरक्षी ने बिना समय गंवाए उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोसाईगंज पहुंचाया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर ड्राइवर की जान बचा ली। होश में आने पर ट्रक चालक ने बताया कि वह रुद्रपुर से बाइक लेकर देवघर गया था। वापसी के दौरान पत्नी से हुए विवाद के कारण वह मानसिक तनाव में था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने बाद में परिजनों को बुलाकर ड्राइवर को उनके सुपुर्द कर दिया।
