KGMU परिसर में अवैध मजारों पर चलेगा बुलडोजर, Lucknow news: प्रशासन ने नहीं दिए कागजात
लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) परिसर में अवैध रूप से बनी छह मजारों पर जल्द ही बुलडोजर कार्रवाई हो सकती है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इन मजारों को हटाने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। यह कदम तब उठाया गया जब मजारों के प्रबंधकों ने जमीन के कानूनी स्वामित्व से जुड़े कोई भी दस्तावेज पेश नहीं किए।
KGMU प्रशासन ने मजारों के प्रबंधकों को दो बार नोटिस भेजकर जमीन से जुड़े कागजात मांगे थे। हालांकि, एक को छोड़कर किसी भी मजार के प्रतिनिधि ने कोई जवाब नहीं दिया। जिस एक मजार की ओर से जवाब दिया गया, उसमें भी जमीन के आवंटन या मालिकाना हक से जुड़े कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए।
प्रशासन ने सुप्रीम कोर्ट के दिशानिर्देशों के तहत सभी संबंधित पक्षों को व्यक्तिगत सुनवाई का अवसर दिया। यह सुनवाई पहले 28 फरवरी को प्रस्तावित थी, जिसे रमजान के चलते 4 अप्रैल तक स्थगित किया गया था। शनिवार को कलाम सेंटर में सुनवाई के लिए अधिकृत अधिकारी मौजूद रहे, लेकिन छह मजारों में से किसी का भी प्रबंधन या प्रतिनिधि सुनवाई में शामिल नहीं हुआ।
KGMU प्रशासन के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। अब सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस के अनुसार आदेश जारी किया जाएगा और आगे की कार्रवाई के लिए प्रशासन को भेजा जाएगा। नियमानुसार इन अवैध मजारों को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
