बाराबंकी में 2.77 करोड़ का बैंक फ्रॉड, पूर्व मैनेजर पर CBI ने दर्ज किया केस (Barabanki news)
सीबीआई ने बाराबंकी में बैंक ऑफ इंडिया की बरौली मलिक शाखा के तत्कालीन प्रबंधक अमन वर्मा और फील्ड अधिकारी शैलेन्द्र प्रताप पंकज के खिलाफ 2.77 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच के आदेश पर सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच ने की है। आरोप है कि दोनों अधिकारियों ने मिलकर विभिन्न खाताधारकों के ऋण स्वीकृत कर उनकी रकम हड़प ली।
सीबीआई ने यह मुकदमा बरौली मलिक स्थित बैंक ऑफ इंडिया के वर्तमान शाखा प्रबंधक राजीव बच्चन की शिकायत पर दर्ज किया है। शिकायत के अनुसार, पूर्व शाखा प्रबंधक और फील्ड अधिकारी ने वर्ष 2022-23 के दौरान 41 खाताधारकों के ऋण आवेदनों में घपला किया। उन्होंने ऋण की रकम को खाताधारकों के बजाय दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दिया, जिससे बैंक को 2.77 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ।
मामले की जांच के सिलसिले में सीबीआई ने लखनऊ में चार और मैनपुरी में एक स्थान पर छापेमारी की। इस दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं। सीबीआई की जांच में कई ऋण खाताधारकों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है, जिनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है।
