Navratri food: अलीगढ़ में बढ़ा रेडीमेड व्रत की थाली का क्रेज, रेस्टोरेंट्स में बुकिंग
अलीगढ़ में नवरात्रि के उपवास के दौरान रेडीमेड व्रत की थाली (Navratri food) का चलन तेजी से बढ़ा है। बदलते जीवनशैली और समय की कमी के कारण लोग अब घर पर उपवास का भोजन तैयार करने के बजाय रेस्टोरेंट्स और ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म से ऑर्डर कर रहे हैं। शहर के कई रेस्टोरेंट्स में प्रतिदिन 300 से 400 थालियों की बुकिंग हो रही है।
रेस्टोरेंट संचालकों के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों से व्रत की थालियों की मांग लगातार बढ़ रही है। इन थालियों में सात्विक सामग्री का उपयोग किया जाता है, जिन्हें देसी घी में तैयार किया जाता है। एक थाली में कुट्टू के आटे की पूड़ी, कचौड़ी, आलू की सब्जी, कूटू बूंदी रायता, केले की सोंठ, हरी चटनी, ताजे फल, मलाई का लड्डू, रबड़ी और साबूदाना पापड़ जैसी चीजें शामिल होती हैं। यह सामग्री एक व्यक्ति के लिए पर्याप्त होती है।
इसके अलावा, व्रत स्पेशल मेन्यू में कूटू का चीला, दही आलू, व्रत की टिक्की, फ्रेंच फ्राइज़, फ्रूट क्रीम और मटका रबड़ी जैसे आइटम भी अलग से ऑर्डर किए जाते हैं। नमकीन विक्रेताओं ने भी फलाहारी बिस्किट और मिक्सचर की विशेष रेंज पेश की है, जो उपवास रखने वाले लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हो रही है।
सामाजिक आयोजनों में भी बढ़ी मांग
नवरात्रि के दौरान कई सामाजिक संगठन और अपार्टमेंट में भजन संध्या या किटी पार्टी का आयोजन होता है। ऐसे सामूहिक आयोजनों में सभी के लिए एक साथ व्रत की थाली ऑर्डर करना सुविधाजनक होता है। यही कारण है कि शहर में रेडीमेड थालियों की मांग में वृद्धि हुई है।
