अलीगढ़ में UP Government की उपलब्धियां गिनाने पहुंचे दो विधायक, बाकी जनप्रतिनिधि रहे नदारद
अलीगढ़ में बुधवार को उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय राजनीतिक नेतृत्व की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बन गई। जिले में भाजपा के सांसद, राज्यमंत्री, सात विधायक, तीन एमएलसी और मेयर जैसे कई बड़े जनप्रतिनिधि मौजूद हैं, लेकिन सरकार की उपलब्धियां गिनाने के लिए सिर्फ दो विधायक ही कार्यक्रम में पहुंचे। प्रभारी मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण सिंह का कार्यक्रम भी अंतिम समय पर निरस्त हो गया।
लालडिग्गी स्थित कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर में चित्र प्रदर्शनी और पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया था। कोल विधायक अनिल पाराशर और एमएलसी डॉ. मानवेन्द्र प्रताप सिंह ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। जनप्रतिनिधियों ने जिले के विकास कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि अलीगढ़ में उद्यमिता विकास के लिए निजी क्षेत्र का पहला प्लेज स्थापित हुआ है। पहले जहां आगरा विश्वविद्यालय की एक शाखा खोलने का सपना पूरा नहीं हो पाता था, वहीं अब राजा महेन्द्र प्रताप के नाम पर पूरा विश्वविद्यालय दिया गया है। डिफेंस कॉरिडोर के पहले चरण में रक्षा उत्पादों का उत्पादन शुरू हो चुका है।
भविष्य की योजनाओं में क्वार्सी फार्म परिसर में मेडिकल कॉलेज, अलीगढ़ मेट्रो, 6-लेन मार्ग, सेमी कंडक्टर यूनिट की स्थापना और अलीगढ़ एयरपोर्ट के पास मेंटेनेंस हब शामिल हैं। जब जनप्रतिनिधियों से अन्य नेताओं की गैरमौजूदगी के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने व्यस्तता का हवाला दिया। सीडीओ योगेन्द्र कुमार ने बताया कि प्रभारी मंत्री को राष्ट्रपति के कार्यक्रम के चलते मथुरा जाना पड़ा, इसलिए वे नहीं आ पाए।
