Aligarh news: टीबी मरीजों को पोषण के लिए CSR फंड का इस्तेमाल, डीएम ने की अपील
टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत अलीगढ़ में 100 दिवसीय टीबी उन्मूलन अभियान की तैयारी शुरू हो गई है। 24 मार्च को विश्व टीबी दिवस के अवसर पर शुरू होने वाले इस अभियान को लेकर मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। डीएम संजीव रंजन ने बैठक में अभियान की रणनीति, संसाधनों की उपलब्धता और विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की।
डीएम ने औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों से टीबी मरीजों को पोषण पोटली उपलब्ध कराने के लिए सीएसआर (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) फंड का उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि टीबी मरीजों के लिए पोषण बेहद महत्वपूर्ण है और उद्यमियों के सहयोग से इस दिशा में बड़ी मदद मिल सकती है।
बैठक में यह भी तय हुआ कि अभियान के दौरान सक्रिय क्षय रोगी खोज (एसीएफ) पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उच्च जोखिम समूहों की स्क्रीनिंग, एक्स-रे और नॉट जांच को बढ़ावा देकर संभावित टीबी मरीजों की समय रहते पहचान सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान सीएमओ डॉ. नीरज त्यागी, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राहुल शर्मा और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
