Lucknow cyber crime: रिटायर्ड फौजी समेत दो के खाते से 5.68 लाख रुपये की ठगी
लखनऊ में साइबर जालसाज लगातार लोगों के खातों में सेंध लगा रहे हैं। हाल ही में दो अलग-अलग घटनाओं में जालसाजों ने रिटायर्ड सैन्यकर्मी समेत दो लोगों के खातों से 5.68 लाख रुपये पार कर दिए। साइबर ठगी के यह मामले मानकनगर और कृष्णानगर थाना क्षेत्र के हैं। पुलिस दोनों मामलों में मुकदमें दर्ज कर साइबर क्राइम सेल की मदद से जांच कर रही है।
भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल चोरी, खाते से निकाले 3.23 लाख
बिजनौर के आंबेडकर विवि स्थित शहीद विहार निवासी अजय बहादुर सिंह ने पुलिस को बताया कि वह बीते 13 फरवरी को पैतृक गांव मैनपुरी जाने के लिए घर से निकले थे। अवध बस चौराहे पर बस के इंतजार में काफी भीड़ थी। चौराहा पार करते समय किसी ने उनका मोबाइल निकाल लिया। उन्होंने बेटे को सूचना दी तो उसने सिम ब्लॉक करा दिया। 17 फरवरी को गांव से वापस आने के बाद उन्हें पता चला कि 13 फरवरी से 21 फरवरी के बीच उनके खाते से कई बार में 3.23 लाख रुपये निकल चुके हैं। अजय बहादुर सिंह ने साइबर क्राइम सेल में शिकायत करने के बाद मानकनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
दूसरे मामले में हैदराबाद की फर्म को भेजे गए 2.45 लाख
कृष्णानगर के मानसनगर निवासी अरुण गुलाटी का खाता केनरा बैंक आलमबाग शाखा में है। साइबर जालसाज ने उनके खाते से कई बार में 2.45 लाख रुपये पार कर दिए। छानबीन करने पर पता चला कि रुपये हैदराबाद स्थित निजी फर्म के यस बैंक के खाते में ट्रांसफर हुए थे। पीड़ित अरुण ने साइबर क्राइम सेल में शिकायत करने के बाद कृष्णानगर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
