Lucknow news: खरजा कैनाल पर बनेगा 2-लेन पुल, जाम से मिलेगी राहत
लखनऊ के मल्हौर-लौलाई मार्ग पर स्थित खरजा कैनाल पर जल्द ही एक नया दो-लेन पुल बनने जा रहा है, जिससे इस क्षेत्र के निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। वर्तमान में खरजा कैनाल पर मात्र तीन मीटर चौड़ा एक संकरा पुल है, जिसके कारण पीक ऑवर में अक्सर भयंकर जाम लगता है। यह मार्ग सुल्तानपुर रोड और किसान पथ को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिसका उपयोग लगभग दो लाख की आबादी करती है।
पीडब्ल्यूडी को इस दो-लेन पुल के निर्माण के लिए शासन से हरी झंडी मिल गई है और इसके लिए धनराशि भी स्वीकृत हो चुकी है। लगभग आठ करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस पुल की लंबाई 57 मीटर और चौड़ाई 10.5 मीटर होगी। यह पुल डिवाइडर वाला दो-लेन का होगा, जिससे चार पहिया वाहनों की आवाजाही सुगम हो सकेगी और ट्रैफिक का दबाव कम होगा। पुल के दोनों तरफ की सड़कों को भी तीन-तीन मीटर से बढ़ाकर नौ-नौ मीटर चौड़ा किया जाएगा।
इस नए पुल के बनने से लौलाई, चिनहट, मल्हौर और गोमती नगर विस्तार के लोगों की किसान पथ और सुल्तानपुर रोड की तरफ आवाजाही आसान हो जाएगी। उन्हें जाम से बचने के लिए शहीद पथ होकर किसान पथ और सुल्तानपुर रोड की तरफ नहीं जाना पड़ेगा। विभाग का कहना है कि निर्माण कार्य पूरा होने में लगभग एक साल का समय लगेगा।
पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड ने निर्माण कार्य शुरू करने से पहले यातायात पुलिस से रूट डायवर्जन का अनुरोध किया है। विभाग ने पुलिस उपायुक्त (यातायात) को पत्र भेजकर सुझाव दिया है कि किसान पथ से एमिटी विवि और माधव ग्रीन सिटी आने-जाने वालों के लिए फुसुलौना ढाल से दाएं मुड़कर मिर्जा बवुरिहा होते हुए मार्ग दिया जाए। इसी मार्ग से चिनहट, सतरिख और जुग्गौर के लोगों की आवाजाही सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया गया है।
