लखनऊ के सील सहारा शहर में करोड़ों की चोरी, STF ने 6 बदमाश किए गिरफ्तार; सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल बरामद
लखनऊ के गोमतीनगर स्थित सहारा शहर में करोड़ों रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। नगर निगम द्वारा सील किए गए इस परिसर में एक हथियारबंद गिरोह ने कई दिनों तक चोरी की वारदात को अंजाम दिया। एसटीएफ ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी किए गए कीमती जेवर, चांदी के बर्तन, एंटिक घड़ियां और दो सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल समेत करोड़ों का माल बरामद हुआ है।
कबाड़ी बनकर की रेकी, फिर दिया वारदात को अंजाम
जांच में पता चला कि गिरोह के सदस्यों ने चोरी से पहले सहारा शहर की रेकी की थी। उन्होंने खुद को कबाड़ी (स्क्रैप डीलर) बताकर परिसर के आसपास घूमना शुरू किया। इस दौरान उन्होंने पता लगाया कि कहां-कहां कीमती सामान रखा है, परिसर में घुसने का आसान रास्ता क्या है और किस समय सुरक्षाकर्मी मौजूद नहीं होते हैं। रेकी पूरी होने के बाद गिरोह ने रात के अंधेरे में बाउंड्रीवाल फांदकर परिसर में प्रवेश किया।
एसयूवी और पिकअप में भरकर ले गए सामान
चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए गिरोह के सदस्य एसयूवी और पिकअप वाहन लेकर पहुंचे थे। उन्होंने फ्लैटों से सोने-चांदी के जेवर, एंटिक घड़ियां, चांदी के बर्तन, एलईडी टीवी और तांबे-पीतल का सामान चुराया। यह सिलसिला कई दिनों तक चलता रहा। चोरी के बाद आरोपियों ने तांबा और पीतल समेत करीब 10 कुंतल सामान कबाड़ियों के माध्यम से बेच दिया और रकम आपस में बांट ली।
हथियारबंद था गिरोह, विरोध पर गोली मारने की तैयारी
गिरफ्तार बदमाशों में हरदोई, बहराइच और लखनऊ के निवासी शामिल हैं, जो कबाड़ के काम से जुड़े हैं। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह बेहद शातिर है और इसके सदस्य हमेशा असलहे लेकर चलते थे। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि यदि चोरी के दौरान कोई विरोध करता तो वे गोली मारने को भी तैयार थे। पुलिस ने गिरोह के पास से दो सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल, कारतूस, सोने की चेन, चांदी की पीकदान, एंटिक घड़ियां और अन्य सामान बरामद किया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
