लखनऊ में ससुर ने दामाद को पीट-पीटकर मार डाला, प्रेम विवाह से था नाराज (Lucknow crime news)
लखनऊ के आशियाना सेक्टर आई में मंगलवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक वकील ने अपने दामाद की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मौके से आरोपी वकील तीरथ राज सिंह को हिरासत में लिया है। मृतक की पहचान प्रतापगढ़ के सांगीपुर इलाके के रहने वाले विष्णु यादव (32) के रूप में हुई है।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि हत्या का कारण प्रेम विवाह है। तीरथ राज सिंह अपनी बेटी साक्षी और विष्णु के प्रेम विवाह से नाराज थे। यह नाराजगी चार साल पहले हुई शादी के बाद से ही चली आ रही थी। विष्णु और साक्षी की शादी को चार साल हो चुके थे और उनकी एक तीन साल की बेटी भी है।
पुलिस के मुताबिक, विष्णु अपनी पत्नी साक्षी की जिद पर मंगलवार को ससुराल आया था। रात करीब 10:30 बजे ससुर तीरथ और विष्णु के बीच विवाद शुरू हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि तीरथ ने पास रखी चारपाई के पाए से विष्णु के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से विष्णु मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े।
शोर सुनकर जब विष्णु की पत्नी साक्षी बचाव में दौड़ी, तो वह भी घायल हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से चारपाई का पाया भी जब्त किया है। पुलिस ने आरोपी वकील तीरथ राज सिंह, उनकी पत्नी और चार बेटियों समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस ने बताया कि विष्णु के परिवार को सूचित कर दिया गया है और उनकी तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
