कानपुर में बेटी का ‘Exam Stress’ दूर करने के लिए माता-पिता ने स्कूल के बाहर किया भांगड़ा, दिया खास संदेश
कानपुर के अशोक नगर निवासी निर्माण सिंह राजा और उनकी पत्नी परमीत कौर ने परीक्षा के तनाव से जूझ रहे बच्चों और उनके अभिभावकों के लिए एक सकारात्मक संदेश दिया है। उन्होंने अपनी बेटी श्रोत कौर की 10वीं की बोर्ड परीक्षा खत्म होने पर स्कूल के बाहर ढोल-नगाड़ों के साथ भांगड़ा किया। बेटी जैसे ही डॉ. गौर हरि सिंहानिया एजुकेशन सेंटर से अपना अंतिम पेपर देकर निकली, माता-पिता ने उसे फूल-मालाओं से लाद दिया और जश्न मनाया। यह अद्भुत नजारा देखकर बेटी अपने सारे तनाव भूलकर खिलखिला उठी।
दरअसल, श्रोत कौर परीक्षा के दौरान काफी तनाव में थी। उसके माता-पिता ने महसूस किया कि अंकों के दबाव में आकर बच्चे अक्सर गलत कदम उठा लेते हैं। इसलिए उन्होंने तय किया कि वे बेटी के तनाव को खत्म करने के लिए कुछ अलग करेंगे। निर्माण सिंह राजा ने बताया कि बेटी पढ़ने में अच्छी है, लेकिन परीक्षा को लेकर बहुत चिंतित थी। उन्होंने कहा कि अंकों के दबाव में रहने के बजाय बच्चों को दोस्ताना माहौल देना चाहिए।
माता-पिता का कहना है कि उनका यह कदम सिर्फ बेटी के लिए नहीं, बल्कि अन्य अभिभावकों के लिए भी एक संदेश है। उनका मानना है कि अंक किसी की सफलता का पैमाना नहीं होते। हमें अंकों से ज्यादा अपने बच्चे प्यारे हैं। इस अनोखे जश्न को देखकर स्कूल के बाहर मौजूद अन्य छात्र और अभिभावक भी रुक गए और इस पहल की सराहना की।
