कानपुर में चोरी करने घुसे दो चोर पकड़े गए, भागते समय छत से कूदा एक चोर हुआ घायल
कानपुर के चकेरी इलाके में एक निर्माणाधीन मकान में चोरी करने घुसे दो चोरों को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। चोरों को भागने से रोकने के लिए स्थानीय लोगों ने घेराबंदी की, जिसके दौरान एक चोर छत से कूद गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। भीड़ ने दोनों चोरों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने घायल चोर का इलाज कराने के बाद दोनों को जेल भेज दिया है।
यह घटना सनिगवां के गणेशपुर इलाके की है। श्याम नगर के रक्षा विहार कॉलोनी निवासी बाबू सिंह का गणेशपुर में एक निर्माणाधीन मकान है। 6 मार्च की रात करीब 10:30 बजे पड़ोसी ने बाबू सिंह को फोन पर बताया कि उनके मकान में चोर घुस गए हैं। सूचना मिलते ही बाबू सिंह मौके पर पहुंचे और पड़ोसियों को इकट्ठा किया।
लोगों को आता देख दोनों चोर छत से कूदकर भागने की कोशिश करने लगे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उन्हें घेर लिया। भागने की कोशिश में चोर निखिल उर्फ भोला छत से कूद गया, जिससे वह घायल हो गया। भीड़ ने दोनों चोरों को पकड़ लिया। पूछताछ में चोरों ने अपना नाम निखिल उर्फ भोला और दीपक राजपूत बताया।
सनिगवां चौकी प्रभारी भरत कुमार पाठक ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घायल चोर का इलाज कराने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया है।
