लखनऊ news: होली पर रंग लगाने से नाराज किशोर ने मासूम को पीटा, इलाज के दौरान मौत
लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके में होली के मौके पर एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है। रंग लगाने के मामूली विवाद में एक किशोर ने 7 साल के बच्चे को इतना पीटा कि उसकी जान चली गई। घटना मोहनलालगंज के नगर पुरसेनी वार्ड की है, जहां होली के दिन 7 साल के आकाश ने पड़ोस में रहने वाले 13 साल के किशोर को रंग लगा दिया। इस बात से नाराज होकर आरोपी किशोर ने मासूम पर हमला कर दिया।
आरोपी ने आकाश के सीने और पेट पर लात-घूंसों से वार किए। हमले के बाद मासूम बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। आकाश के परिजनों ने उसे तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। शुरू में कुछ सुधार होने पर परिजन बच्चे को घर ले आए, लेकिन अगले दिन सुबह उसकी हालत फिर बिगड़ गई।
बिगड़ती हालत को देखते हुए परिजन आकाश को लखनऊ के पीजीआई स्थित एपेक्स ट्रॉमा सेंटर ले गए। वहां इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया। आकाश का परिवार बलरामपुर जिले के फिरोजपुर का रहने वाला है और पुरसेनी में किराए के मकान में रहता था।
घटना के बाद मृतक की मां ने आरोपी किशोर के खिलाफ मोहनलालगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
