होली मिलन से लौट रहे युवक की Road Accident में मौत, हेलमेट की बेल्ट न बांधना पड़ा भारी
होली के त्योहार पर अपने रिश्तेदारों से मिलकर घर लौट रहे एक युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना रुदानखेड़ा पुलिया के पास हुई, जहां एक पेट्रोल टैंकर ने पीछे से बाइक सवार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरा और उसके सिर में गंभीर चोटें आईं।
आजाद नगर निवासी विशाल सविता (23) पेशे से बाइक मैकेनिक था। गुरुवार को वह अपने चाचा के घर होली मिलने गया था। रात करीब आठ बजे जब वह वापस लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ। हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने घायल विशाल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने टैंकर को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश कर रही है।
हेलमेट की बेल्ट न बांधना पड़ा भारी
परिजनों ने बताया कि विशाल हमेशा हेलमेट पहनकर बाइक चलाता था। हादसे के वक्त भी उसने हेलमेट पहना हुआ था, लेकिन हेलमेट की बेल्ट नहीं बांधी थी। टक्कर के बाद जब वह गिरा तो हेलमेट सिर से निकल गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लगी। डॉक्टरों के अनुसार, अगर विशाल ने हेलमेट की बेल्ट बांधी होती तो उसकी जान बच सकती थी।
