लखनऊ में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार XUV ने बुलेट को रौंदा, ससुर-दामाद की मौत; बेटी गंभीर
लखनऊ में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने किसान पथ पर जमकर हंगामा किया। सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में तेज रफ्तार एक्सयूवी कार ने एक बुलेट बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार ससुर और दामाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने सड़क जाम कर दी और पुलिस के साथ झड़प भी हुई।
पुलिस के अनुसार, लोनी कटरा थाना क्षेत्र के रहने वाले मुन्नीलाल (70) और उनके दामाद सुशील कुमार (40) अपनी बेटी बबली उर्फ सीमा (35) के साथ मोहनलालगंज के गोपालखेड़ा गांव से गोसाईंगंज के सुरियामऊ गाँव जा रहे थे। वे अपने मामा ससुर जगदीश से होली मिलने जा रहे थे। बुद्धुखेड़ा गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार एक्सयूवी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सुशील व मुन्नीलाल की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल सीमा को पीजीआई ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दी और प्रदर्शन शुरू कर दिया। भीड़ ने पुलिस पर पथराव भी किया। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। करीब तीन घंटे तक हाईवे जाम रहा, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।
हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
