बढ़ती उम्र के बेदाग निखार के लिए घर पर बनाएं नेचुरल कोलेजन जेल | lifestyle news
बढ़ती उम्र के साथ चेहरे पर दिखने वाली झुर्रियां, फाइन लाइन्स और त्वचा का ढीलापन हर महिला की चिंता का बड़ा कारण बन जाता है। बाजार में मिलने वाली एंटी-एंजिंग और कोलेजन बूस्टिंग क्रीम्स न सिर्फ जेब पर भारी पड़ती हैं, बल्कि उनमें मौजूद केमिकल्स स्किन को नुकसान भी पहुंचा सकते हैं। ऐसे में प्राकृतिक और सुरक्षित तरीकों का इस्तेमाल करना त्वचा के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है।
क्या आप जानती हैं कि रसोई में मौजूद सुपरफूड अलसी के बीज और नींबू की मदद से घर पर ही पूरी तरह नेचुरल और विटामिन-सी से भरपूर कोलेजन जेल तैयार किया जा सकता है? यह जेल त्वचा में कसाव लाकर आपको जवां और चमकदार दिखाने में मदद करता है। इसके नियमित इस्तेमाल से त्वचा को गहराई से पोषण मिलता है और कोलेजन का स्तर सुधरता है।
कोलेजन जेल बनाने की सामग्री और विधि
इसे बनाने के लिए तीन से चार बड़े चम्मच अलसी के बीज, डेढ़ कप पानी, एक छोटा चम्मच ताजा नींबू का रस, एक बड़ा चम्मच एलोवेरा जेल, एक विटामिन-ई कैप्सूल और आधा छोटा चम्मच बादाम का तेल या ग्लिसरीन की आवश्यकता होती है। एक पैन में पानी और अलसी के बीज डालकर मध्यम आंच पर सात से दस मिनट तक उबालें। जब पानी गाढ़ा और जेल जैसा होने लगे, तब गैस बंद कर दें और गर्म मिश्रण को सूती कपड़े से छान लें। इसके बाद इसमें नींबू का रस, एलोवेरा जेल और विटामिन-ई का तेल मिलाकर अच्छी तरह फेंट लें।
लगाने का सही तरीका
रात को सोने से पहले चेहरे को अच्छी तरह धोकर साफ कर लें। अब इस होममेड कोलेजन जेल की थोड़ी सी मात्रा चेहरे और गर्दन पर लगाएं। हल्के हाथों से सर्कुलर मोशन में दो मिनट तक मसाज करें ताकि यह स्किन में अच्छी तरह समा जाए। इसे रातभर लगा रहने दें और सुबह सादे पानी से धो लें। नियमित उपयोग से त्वचा में कसाव और प्राकृतिक चमक देखने को मिलती है।
