Lucknow news: रील बनाते समय चली गोली से छात्र की मौत, नाबालिग दोस्त बाल सुधार गृह भेजा गया
लखनऊ के कृष्णानगर इलाके में एक बर्थडे पार्टी के दौरान 12 वर्षीय छात्र उनैज खान की गोली लगने से हुई मौत के मामले में पुलिस की जांच आगे बढ़ रही है। पुलिस ने खुलासा किया है कि यह घटना सोशल मीडिया के लिए रील बनाते समय हुई थी। इस मामले में पुलिस ने उनैज के नाबालिग दोस्त को बाल सुधार गृह भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, यह हाई-प्रोफाइल मामला होने के कारण जांच फूंक-फूंककर की जा रही है। मृतक छात्र के परिवार ने बिल्डर पिता पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। परिवार का कहना है कि बिल्डर के नाम से शस्त्र लाइसेंस होने के कारण उन पर कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विवेचना चल रही है और घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज तथा आरोपियों के कॉल डिटेल्स खंगाले जा रहे हैं। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस ने बिल्डर के शस्त्र लाइसेंस को निरस्त करने के लिए जिलाधिकारी कार्यालय को पत्राचार किया है।
सोमवार दोपहर उनैज अपने दोस्त की बर्थडे पार्टी में गया था। उनैज के पिता जमीर खान ट्रांसपोर्टर और प्रॉपर्टी डीलर हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके बेटे के साथ पढ़ने वाले साथी और तीन अन्य लोग उसे ले गए और गोली मार दी। माथे पर गोली लगने से बेटे की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा ने बताया कि रील बनाते समय रिवाल्वर से गोली चलने के कारण छात्र की मौत हुई थी। उसके दोस्त को बाल सुधार गृह भेजा गया है।
पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार को परिवार ने शव रखकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया। शाम को कड़ी सुरक्षा में शव को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इस बीच, मोहनलालगंज से सांसद आरके चौधरी और कांग्रेस जिलाध्यक्ष रुद्र दमन सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने उनैज के घर पहुंचकर परिवार को सांत्वना दी और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
