कानपुर में CTET परीक्षा का पहला पेपर कठिन, गणित और भाषा ने उलझाया
कानपुर शहर के 46 केंद्रों पर शनिवार को केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) का आयोजन किया गया। यह परीक्षा दो दिनों तक चलेगी, जिसमें 75,000 से अधिक अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। शनिवार को सुबह की पाली में प्राथमिक विद्यालयों के लिए पेपर वन की परीक्षा थी। परीक्षा केंद्रों पर सुबह 7:30 बजे से ही प्रवेश शुरू हो गया था, जिसके लिए अभ्यर्थियों को कड़े सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ा।
परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि पेपर वन आसान नहीं था। विशेष रूप से गणित के सवालों ने उन्हें काफी उलझाया। अभ्यर्थियों के अनुसार, गणित के प्रश्नों को हल करने में काफी रफ वर्क करना पड़ा, जिससे समय प्रबंधन मुश्किल हो गया। इसके अलावा, भाषा खंड भी चुनौतीपूर्ण रहा और उम्मीद से अधिक कठिन प्रश्न पूछे गए।
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। अभ्यर्थियों को मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स या आभूषण पहनकर जाने की अनुमति नहीं थी। प्रवेश से पहले सभी की बायोमेट्रिक जांच की गई और फ्रिस्किंग भी की गई। केंद्रों के बाहर भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया था।
