कानपुर पुलिस बनाएगी ‘cyber awareness’ शॉर्ट फिल्म, फ्रॉड से बचने के लिए खास पहल
आज के दौर में साइबर फ्रॉड आम आदमी के लिए एक बड़ी चुनौती बन चुका है। ऑनलाइन धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों को देखते हुए कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने लोगों को जागरूक करने का फैसला किया है। इसके लिए पुलिस एक 15 मिनट की शॉर्ट फिल्म बना रही है। इस फिल्म का उद्देश्य साइबर अपराधों के प्रति लोगों को सचेत करना है, क्योंकि जागरूकता ही इससे बचने का सबसे बड़ा उपाय है।
फिल्म की कहानी एक विवाह समारोह से शुरू होती है, जहां खुशियों का माहौल होता है। लेकिन अगले ही दृश्य में साइबर फ्रॉड का शिकार हुए दुल्हन के माता-पिता और भाई फांसी पर झूलते दिखेंगे। संयुक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय विनोद कुमार सिंह ने बताया कि फिल्म की कहानी साइबर फ्रॉड की विभीषिका को दर्शाने के लिए काफी है।
इस फिल्म के निर्माण में बॉलीवुड के डायरेक्टर धीरज कुमार निर्देशन कर रहे हैं, जबकि कहानी मशहूर कहानीकार शुभम् द्विवेदी ने लिखी है। कलक्टरगंज एसीपी आनंद ओझा इसमें मुख्य भूमिका निभाएंगे। खास बात यह है कि फिल्म में काम करने वाले सभी कलाकार कानपुर के हैं और वे इसके लिए कोई पैसा नहीं ले रहे हैं।
