Kanpur news: पोलैंड से लौट रही महिला के बैग से लाखों के गहने चोरी, एयरपोर्ट पर हंगामा
कानपुर के दबौली इलाके की रहने वाली आस्था शर्मा के साथ फ्लाइट में चोरी का मामला सामने आया है। पोलैंड से लौटते समय उनके सामान से लाखों रुपये के गहने गायब हो गए। यह घटना तब सामने आई जब चार दिन बाद उनके बैग कानपुर एयरपोर्ट पहुंचे। दो बैगों के ताले टूटे हुए थे और अंदर रखे सवा चार लाख रुपये के गहने गायब थे। पीड़ित परिवार ने अब चकेरी थाने में एफआईआर दर्ज कराने का फैसला किया है।
आस्था शर्मा की शादी पिछले साल नवंबर में हुई थी और वह अपने पति से मिलने पोलैंड गई थीं। उनके पति पोलैंड में कार्यरत हैं। आस्था 23 दिसंबर को पोलैंड से कानपुर लौट रही थीं। क्राको से बरसांव होते हुए वह दिल्ली पहुंचीं, लेकिन उनके तीन चेक-इन बैग दिल्ली एयरपोर्ट पर छूट गए। एयरलाइन कंपनी ने आश्वासन दिया कि बैग कानपुर भेज दिए जाएंगे।
चार दिन बाद जब कानपुर एयरपोर्ट से बैग लेने के लिए फोन आया, तो आस्था और उनके पिता रमाकांत शर्मा बैग लेने पहुंचे। उन्हें तीनों बैग तो मिल गए, लेकिन दो बैगों के ताले टूटे हुए थे। घर आकर जब सामान चेक किया गया, तो उसमें रखे सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र, झुमकी और पायल समेत अन्य गहने गायब थे।
आस्था के पिता रमाकांत शर्मा ने बताया कि उन्होंने एयरपोर्ट अथॉरिटी और एयरलाइन कंपनी से शिकायत की, लेकिन कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि एयरलाइन की लापरवाही के कारण यह चोरी हुई है। अब वे कानूनी कार्रवाई के लिए चकेरी थाने में शिकायत दर्ज कराएंगे।
