Kanpur news: गोबर डालने को लेकर पड़ोसियों में खूनी संघर्ष, नाबालिग समेत तीन घायल
कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र के भैरमपुर गांव में दो पड़ोसी परिवारों के बीच गोबर डालने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस झड़प में एक नाबालिग लड़की समेत तीन लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
भैरमपुर गांव निवासी आशु शुक्ला ने बताया कि उनका पड़ोसी विवेक प्रजापति के परिवार से छह महीने पहले कूड़ा डालने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। गुरुवार सुबह जब आशु गोबर डालने गए, तो विवेक प्रजापति और देवेश प्रजापति ने उन्हें बंधक बनाकर पीटा। शोर सुनकर जब उनके परिजन बीच-बचाव करने आए, तो उन पर भी हमला किया गया। इस दौरान उनकी नाबालिग बेटी के सिर में चोट लगने से वह घायल हो गई।
वहीं, दूसरे पक्ष के विवेक प्रजापति का आरोप है कि आशु शुक्ला, आदित्य और कल्लू ने उनके घर के पास कूड़ा फेंकने का विरोध करने पर हमला कर दिया। विवेक के अनुसार, हमलावरों ने घर में घुसकर मारपीट की, जिसमें उनकी मां सदा देवी और विवेक खुद घायल हो गए। सचेंडी थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।
