UP Budget 2026: वाराणसी को हाई स्पीड रेल कॉरिडोर, यूपी के हर जिले में ट्रॉमा सेंटर, जानें बजट में यूपी के लिए क्या है खास
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को आम बजट 2026-27 पेश किया। इस बजट में उत्तर प्रदेश के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं, जिनका सीधा असर राज्य के विकास और रोजगार पर पड़ेगा। सरकार ने आर्थिक सुधारों की गति को तेज करने पर ध्यान केंद्रित किया है, जिसमें युवा, किसान और महिलाओं के हितों को प्राथमिकता दी गई है।
यूपी को मिले दो हाई स्पीड रेल कॉरिडोर
बजट में देश में 7 हाई स्पीड रेल कॉरिडोर चलाने की घोषणा की गई है, जिनमें से दो कॉरिडोर उत्तर प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण हैं। ये दोनों कॉरिडोर वाराणसी से जुड़ेंगे। पहला कॉरिडोर दिल्ली-वाराणसी हाई स्पीड रेल कॉरिडोर है, जबकि दूसरा वाराणसी-सिलीगुड़ी हाई स्पीड रेल कॉरिडोर है। इन परियोजनाओं से राज्य में कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा, वाराणसी में जहाज मरम्मत सुविधा केंद्र बनाने की भी घोषणा की गई है।
स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण पर फोकस
बजट में उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए भी कई घोषणाएं की गईं। राज्य के सभी जिलों में इमरजेंसी ट्रॉमा सेंटर खोले जाएंगे। साथ ही, जिला अस्पतालों की क्षमता भी बढ़ाई जाएगी। महिला सशक्तिकरण के लिए लखपति दीदी योजना के बाद अब ग्रामीण महिलाओं के लिए शी मार्ट बनाए जाएंगे। कामकाजी महिलाओं की सुविधा के लिए यूपी के हर जिले में एक छात्रावास का निर्माण किया जाएगा।
उद्योगों को राहत और रोजगार के अवसर
बजट में चमड़े से बने सामानों को सस्ता करने की घोषणा की गई है, जिसका सीधा फायदा उत्तर प्रदेश के दो प्रमुख शहरों कानपुर और आगरा की चमड़ा फैक्ट्रियों को होगा। कानपुर और आगरा चमड़ा उद्योग के बड़े केंद्र हैं। इसके अलावा, महात्मा गांधी हैंडलूम योजना लागू होगी, जिससे ‘एक जिला, एक उत्पाद’ (ODOP) योजना को लाभ मिलेगा। ODOP की शुरुआत उत्तर प्रदेश से ही हुई थी। सरकार ने ‘इंडिया सेमिकंडक्टर मिशन 2.0’ शुरू करने की भी घोषणा की है, जो तकनीक और कुशल कामगारों को विकसित करने पर केंद्रित होगा।
