फ्रेंड्स इलेवन ने जीता JB Senior Cricket League का खिताब, Ashish Omveer Jurel बने Man of the Tournament
जेबी सीनियर क्रिकेट लीग सीजन-3 का फाइनल मुकाबला फ्रेंड्स इलेवन ने जीत लिया है। शनिवार को खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में फ्रेंड्स इलेवन ने डिफेंस इलेवन को 109 रनों के बड़े अंतर से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत में आशीष ओमवीर जुरेल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिन्हें मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द टूर्नामेंट दोनों पुरस्कारों से नवाजा गया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी फ्रेंड्स इलेवन की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 230 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से आशीष ओमवीर जुरेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 79 रनों की पारी खेली। उनका साथ देते हुए कौशल शर्मा ने 49 और विशी गुप्ता ने 34 रन बनाए।
231 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डिफेंस इलेवन की टीम की शुरुआत खराब रही और पूरी टीम 14.5 ओवर में 121 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। फ्रेंड्स इलेवन के गेंदबाज शादाब ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके, जिससे डिफेंस इलेवन की पारी लड़खड़ा गई।
मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। आशीष ओमवीर जुरेल को मैन ऑफ द मैच के साथ-साथ मैन ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब भी मिला। विशी गुप्ता को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, शादाब को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज, विकास कुमार को सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर और शहजान खान को सर्वश्रेष्ठ फील्डर चुना गया। संतोष राणा ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की।
