आगरा में नाबालिग लड़की ने की आत्महत्या, छेड़छाड़ से परेशान थी पीड़िता; agra crime news
आगरा के मलपुरा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की ने पड़ोसी युवकों की हरकतों से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया है कि आरोपी युवक लगातार उनकी बेटी को परेशान कर रहे थे, जिसके कारण वह मानसिक तनाव में थी। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।
जबरन ले जाने की कोशिश
पीड़िता के पिता के अनुसार, 28 जनवरी को गांव जखौदा निवासी आरिफ और उसके दोस्त साहिल ने उनकी 15 वर्षीय बेटी को जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले जाने की कोशिश की। इटौरा के पास उनके बेटे ने दोनों युवकों को रोक लिया। आरोपी युवक बेटी को छोड़कर भाग गए, लेकिन इस दौरान उन्होंने बेटे के साथ हाथापाई की और जान से मारने की धमकी भी दी।
परिजनों ने घर आकर की अभद्रता
पीड़ित परिवार का आरोप है कि इस घटना के बाद भी आरोपियों की हरकतें नहीं रुकीं। आरिफ के परिजन उनके घर पहुंचे और पीड़िता व उसकी मां के साथ गाली-गलौज और अभद्रता की। इस घटना से किशोरी इतनी परेशान हो गई कि उसने 29 जनवरी को फांसी लगाकर जान दे दी। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
थाना मलपुरा प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र वशिष्ठ ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर दो सगे भाई अफसर और आरिफ, उनकी मां समीना और दोस्त साहिल के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आगरा में पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
यह पहली बार नहीं है जब आगरा में छेड़छाड़ से परेशान होकर किसी नाबालिग ने आत्महत्या की हो। बीते दिनों अछनेरा थाना क्षेत्र के एक गांव में भी शोहदों की हरकतों से परेशान एक किशोरी ने जान दे दी थी। परिजनों ने बिना पुलिस को बताए उसका दाह संस्कार कर दिया था। बाद में चचेरी बहन ने सुसाइड की वजह बताई, तब जाकर मामला सामने आया। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया था कि पुलिस ने कई बार तहरीर में कमी बताकर उन्हें वापस भेज दिया था, जिसके बाद 26 जनवरी को मुकदमा दर्ज किया गया।
