Lucknow news: दहेज के लिए नवविवाहिता से मारपीट, गर्भपात के बाद ससुराल पक्ष पर FIR
लखनऊ के आशियाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की मां ने आरोप लगाया है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने उनकी बेटी के साथ इतनी मारपीट की कि उसका गर्भपात हो गया। यह घटना लखनऊ और कानपुर के बीच हुई, जहां पीड़िता के ससुराल वाले रहते हैं।
पीड़िता की मां प्रतिभा वाजपेयी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी श्रेया वाजपेयी की शादी कानपुर निवासी अंकित मिश्रा से की थी। शादी के समय भी ससुराल पक्ष ने 25 लाख रुपये नकद और घरेलू सामान की मांग की थी, जिसे उन्होंने पूरा किया।
शादी के बाद भी ससुराल पक्ष के लोग लगातार 25 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर रहे थे। जब पीड़िता ने असमर्थता जताई तो उसके साथ शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना शुरू कर दी गई। आरोप है कि मारपीट के कारण ही पीड़िता का गर्भपात हो गया और वह गहरे अवसाद में चली गई।
पीड़िता की मां ने पति अंकित मिश्रा, सास मीनू मिश्रा, ससुर सुधीर मिश्रा, भाई अर्पित मिश्रा, भाभी पूनम और ननद सूमी पांडेय समेत 6 लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। आशियाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
