लखनऊ के फैजुल्लागंज में बदहाल कॉलोनी: 15 साल बाद भी सड़कों पर बह रहा गंदा पानी, लोग परेशान
लखनऊ के फैजुल्लागंज स्थित कृष्णलोकनगर कॉलोनी में रहने वाले लगभग 200 परिवारों के लिए जीवन एक चुनौती बन गया है। 15 साल पहले विकसित हुई इस कॉलोनी में आज भी न तो पक्की सड़कें हैं और न ही जल निकासी के लिए नालियां। घरों का गंदा पानी सीधे कच्ची सड़कों पर बह रहा है, जिससे पूरे इलाके में कीचड़ और दुर्गंध का साम्राज्य है।
कॉलोनी के निवासी लगातार संक्रामक बीमारियों जैसे डेंगू, टाइफाइड और मलेरिया की चपेट में आ रहे हैं। एक स्थानीय निवासी ने बताया कि गंदगी और जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप इतना अधिक है कि मच्छरदानी भी बेअसर साबित हो रही है। बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह स्थिति सबसे खतरनाक है, क्योंकि उन्हें अक्सर बुखार और पेट संबंधी बीमारियों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार क्षेत्रीय पार्षद, विधायक और नगर निगम के अधिकारियों से शिकायत की है, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। बारिश के दिनों में तो स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जब पूरी कॉलोनी टापू बन जाती है और गंदा पानी घरों के अंदर तक घुस जाता है। लोगों को अपना सामान ऊपर की मंजिलों पर रखना पड़ता है।
सड़कें इतनी खराब हैं कि पैदल चलना भी मुश्किल है। कई लोग बाइक और साइकिल से गिरकर चोटिल हो चुके हैं। ई-रिक्शा और अन्य वाहन भी घरों तक नहीं पहुंच पाते हैं। स्कूली बच्चों को कीचड़ भरे रास्तों से गुजरना पड़ता है, जिससे कई बार वे स्कूल नहीं जा पाते।
बिजली की व्यवस्था भी बदहाल है। एक महीने पहले बिजली के खंभे तो लगाए गए, लेकिन उन पर तार नहीं खींचे गए हैं। लोगों ने जुगाड़ से तार खींच रखे हैं, जिससे हर समय हादसे का डर बना रहता है। रात में स्ट्रीट लाइट न होने के कारण पूरी कॉलोनी अंधेरे में डूब जाती है।
