घने कोहरे का कहर: आंध्र प्रदेश एक्सप्रेस 6 घंटे से ज्यादा लेट, यात्रियों को भारी परेशानी
उत्तर भारत में छाए घने कोहरे का असर रेल यातायात पर साफ दिख रहा है। गुरुवार देर रात से शुरू हुए कोहरे के इस प्रकोप के चलते ट्रेनों के संचालन में भारी व्यवधान उत्पन्न हुआ है। शुक्रवार को आगरा पहुंचने वाली दो दर्जन से अधिक ट्रेनें अपने तय समय से घंटों विलंब से पहुंचीं। इस कारण हजारों यात्रियों को कड़ाके की ठंड में रेलवे स्टेशनों पर खुले आसमान के नीचे ठिठुरते हुए अपनी ट्रेनों का इंतजार करना पड़ा।
आगरा रेल मंडल के अनुसार, आंध्र प्रदेश एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 6 घंटे 53 मिनट की देरी से पहुंची। इसके अलावा, मालवा एक्सप्रेस 4 घंटे 51 मिनट, साईं नगर शिरडी एक्सप्रेस 3 घंटे 17 मिनट, अंब अंदौरा-नांदेड़ एक्सप्रेस 3 घंटे 13 मिनट, उप्र संपर्कक्रांति एक्सप्रेस 4 घंटे 51 मिनट, गोंडवाना एक्सप्रेस 5 घंटे 37 मिनट, राजधानी एक्सप्रेस 3 घंटे 22 मिनट और तमिलनाडु एक्सप्रेस 5 घंटे 56 मिनट की देरी से आगरा पहुंचीं।
कोहरे के कारण अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनें जैसे लोकमान्य तिलक टर्मिनस-हावड़ा एसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस (4 घंटा 54 मिनट), तेलंगाना एक्सप्रेस (4 घंटा 16 मिनट), रानी कमलापति-निजामुद्दीन एक्सप्रेस (4 घंटा 36 मिनट), वंदे भारत एक्सप्रेस (2 घंटा 57 मिनट), नांदेड़-श्रीगंगानगर एक्सप्रेस (4 घंटा 13 मिनट), नई दिल्ली-सोगरिया सुपरफास्ट एक्सप्रेस (3 घंटा 25 मिनट), अवध एक्सप्रेस (4 घंटा 38 मिनट), मरुधर एक्सप्रेस (3 घंटा 11 मिनट) और अनन्या एक्सप्रेस (2 घंटा 20 मिनट) भी अपने गंतव्य पर घंटों की देरी से पहुंचीं। इस स्थिति से यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
