50 करोड़ का ‘ऑनलाइन जाल’: फर्जी वेबसाइट बनाकर 1500 लोगों को ठगा, आगरा से साइबर ठग गिरफ्तार
आगरा में साइबर क्राइम पुलिस ने ऑनलाइन ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का झांसा देकर निवेशकों से करीब 50 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह कोरोना काल समाप्त होने के बाद से सक्रिय था और इसने संगठित तरीके से लोगों को ठगा।
पुलिस के अनुसार, गिरोह ने फर्जी वेबसाइट (www.astcoin.biz) और ईमेल आईडी तैयार कर निवेशकों से संपर्क किया। उन्हें एक कथित विदेशी कंपनी में निवेश पर उच्च लाभ का लालच दिया गया। गिरोह ने ऑनलाइन प्रशिक्षण और निवेश के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये ऐंठे।
शिकायत मिलने के बाद 15 अप्रैल 2024 को थाना साइबर क्राइम में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने वेबसाइट से जुड़े डिजिटल ट्रेल, बैंक लेनदेन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज की। जांच में सामने आया कि गिरोह ने संगठित तरीके से निवेशकों को झांसा देकर धनराशि अपने खातों में ट्रांसफर करवाई।
इसी कड़ी में अपराध में शामिल अजय की भूमिका प्रमाणित होने पर पुलिस ने 11 दिसंबर को उसे गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।
