ड्रेस के नाम पर बच्चों से वसूली का आरोप, दरभंगा में प्रधानाध्यापक के खिलाफ अभिभावकों का हंगामा
बिहार के दरभंगा जिले में स्थित स्वर्णलता लक्ष्मी नारायण खरगा मध्य विद्यालय में शनिवार को अभिभावकों ने प्रधानाध्यापक के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। बाकरगंज स्थित विद्यालय परिसर में अभिभावकों ने आरोप लगाया कि प्रधानाध्यापक बच्चों से ड्रेस, जूता, मोजा और परिचय पत्र के नाम पर पैसे की मांग करते हैं।
अभिभावकों का कहना है कि प्रधानाध्यापक बच्चों से 200 से 300 रुपये की मांग करते हैं। यदि बच्चे पैसे नहीं देते हैं, तो उन्हें स्कूल से बाहर कर दिया जाता है। प्रदर्शन के दौरान अभिभावक प्रधानाध्यापक के निलंबन की मांग कर रहे थे। कुछ अभिभावकों ने यह भी कहा कि यह हंगामा विद्यालय के कुछ शिक्षकों द्वारा उकसा कर कराया जा रहा है।
प्रधानाध्यापक शैलेन्द्र कुमार मंडल ने आरोपों का खंडन किया। उन्होंने कहा कि वह उस दिन अवकाश पर थे और उन्हें हंगामे की जानकारी मिली है। उन्होंने बताया कि बच्चों के लिए ड्रेस, जूता और मोजा के लिए विभाग द्वारा राशि सीधे उनके खाते में भेजी जाती है।
प्रधानाध्यापक ने अभिभावकों के विरोध को ज्ञान की कमी बताया। उन्होंने कहा कि स्कूल से न तो ड्रेस दी जाती है और न ही जूता-मोजा, इसलिए पैसे मांगने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने यह भी कहा कि शीत के मौसम में कुछ बच्चे बिना उचित कपड़ों के स्कूल आते हैं, जबकि उन्हें पूर्ण पोशाक पहनकर आने का निर्देश दिया गया था।
