देहरादून रेलवे स्टेशन पर 4 दिन नहीं दौड़ेंगी ट्रेनें, इस वजह से बदला गया ट्रेनों का रूट
लोकोशेड के इंटरलाकिंग और पुलों की मरम्मत कार्य के चलते रविवार से बुधवार यानी सात से 10 दिसंबर तक देहरादून रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का आवागमन प्रभावित रहेगा। इससे यात्रियों को परेशानी हो सकती है। रेलवे की ओर से इस संबंध में टिकट बुकिंग वाले यात्रियों को मैसेज कर अलर्ट कर दिया गया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, देहरादून-हरिद्वार के बीच रेलवे ट्रैक समेत कई अन्य सुधारीकरण कार्य कराए जाने के चलते ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। इनमें डोईवाला गार्ड, करीवाला-देहरादून, मोतीचूर-रायवाला, हरिद्वार-मोतीचूर और डंडेर-इकचाल समेत अन्य यार्डों के 20 पुलों की मरम्मत का काम सात से 10 दिसंबर के बीच किया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार, सात और आठ दिसंबर को दून रेलवे स्टेशन पर बने लोकोशेड के इंटरलाकिंग का कार्य भी किया जाना है। दरअसल, दून रेलवे स्टेशन पर पिछले लंबे समय से ट्रेनों के इंजन के रखरखाव, मरम्मत और सफाई के कार्य गतिमान हैं। इनमें केवल लोकोशेड का काम अब शेष बचा है। इसके लिए सिग्नल में बदलाव किए जाने हैं।
इस दौरान कई ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। सात दिसंबर को देहरादून से शाम पांच बजे नई दिल्ली जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस एक घंटे की देरी से शाम छह बजे जाएगी। वहीं, दिल्ली से आने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस तीन घंटे की देरी से दिल्ली से देहरादून के लिए चलेगी। आठ दिसंबर से देहरादून से सूबेदारगंज जाने वाली लिंक एक्सप्रेस दो घंटे की देरी से संचालित की जाएगी। आठ दिसंबर को दून आने वाली राप्ति गंगा एक्सप्रेस को मुजफ्फरपुर स्टेशन से तीन घंटे के विलंब से संचालित किया जाएगा।
