UP road news: जर्जर सड़कों पर सफर को मजबूर लोग, PWD की लापरवाही से बढ़ी दुर्घटना की आशंका
उत्तर प्रदेश में एक ओर जहां सरकार सड़कों को दुरुस्त करने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय लोक निर्माण विभाग (PWD) की लापरवाही के कारण कई मुख्य सड़कें बदहाली का शिकार हैं। मंगलपुर-संदलपुर मुख्य मार्ग इसका ताजा उदाहरण है, जहां सड़क की दुर्दशा के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानी हो रही है। इस मार्ग पर कई जगह सड़क उखड़ चुकी है, जिससे न केवल राहगीरों बल्कि स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
यह मार्ग सिकंदरा-बिल्हौर मार्ग का हिस्सा है और डबल लेन होने के कारण इस पर पूरे दिन छोटे-बड़े वाहनों का भारी आवागमन रहता है। सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहन चालकों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह एक मुख्य मार्ग है, इसके बावजूद PWD अधिकारी इसकी अनदेखी कर रहे हैं।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि योगी सरकार के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद PWD अधिकारी बजट की कमी या टेंडर प्रक्रिया पूरी न होने का बहाना बनाकर मरम्मत से बचते रहे हैं। सड़क की यह दुर्दशा कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इलाकाई लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द इस महत्वपूर्ण मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की है ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
