UP politics news: अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर लगाया गंभीर आरोप, कहा- 1671 ड्राइवर बिना काम के उठा रहे वेतन
उत्तर प्रदेश के परिवहन विभाग में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है। अखिलेश यादव ने दावा किया है कि राज्य परिवहन विभाग में 1671 ड्राइवर ऐसे हैं जो कागजों पर तो तैनात हैं, लेकिन वे बसें नहीं चला रहे हैं। उन्होंने इसे भाजपा सरकार की ‘भ्रष्ट व्यवस्था’ का हिस्सा बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कई सवाल पूछे हैं।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर विभाग के आंकड़ों का हवाला देते हुए लिखा कि यूपी के परिवहन विभाग में 1671 ड्राइवर कागजों पर तैनात हैं, लेकिन वे बसें नहीं चला रहे हैं। इनमें से लगभग 50% चालक ‘शून्य किलोमीटर’ चले हैं, फिर भी उनका वेतन नियमित रूप से जारी हो रहा है। सपा प्रमुख ने इसे एक सुनियोजित ‘गोरखधंधा’ करार दिया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ‘बुलडोजर’ नीति पर कटाक्ष करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, “माननीय मुख्यमंत्री जी, इस खुलासे के बाद बसों पर बुलडोजर चलवाने का नाटक मत कीजिएगा। बुलडोजर चलवाना है तो मंत्री जी की महाभ्रष्ट करतूतों पर चलवाइए।” उन्होंने आरोप लगाया कि इस भ्रष्टाचार का एक बड़ा हिस्सा ‘मुख्य-दान पेटी’ तक पहुंचता है, इसीलिए दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती बल्कि उन पर ‘दया-दृष्टि’ बनी रहती है।
अखिलेश यादव ने गर्मियों की छुट्टियों का जिक्र करते हुए कहा कि एक तरफ आम जनता आने-जाने के लिए बसों की कमी से परेशान है, वहीं दूसरी तरफ भाजपाई परिवहन विभाग को दीमक की तरह चाट रहे हैं। उन्होंने कहा कि यातायात बाधित होना सीधे तौर पर अर्थव्यवस्था को चोट पहुंचाना है। उनके अनुसार, भाजपा ‘ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी’ की नहीं, बल्कि अपने ‘ट्रिलियन डॉलर व्यवस्था’ बनाने में जुटी है।
सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा को आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने जनता को सांत्वना देते हुए लिखा कि “बुरे दिन जाने वाले हैं” और नारा दिया— ‘भाजपा जाए तो बस चल पाए’। हालांकि अखिलेश यादव के आरोपों पर अभी तक भाजपा की तरफ से कोई बयान नहीं आया है।
