वीएसएसडी कॉलेज के छात्रों ने किया लोहिया कॉर्प का औद्योगिक भ्रमण, मिली महत्वपूर्ण जानकारी | Kanpur news
कानपुर के वीएसएसडी कॉलेज के वाणिज्य संकाय के छात्रों ने हाल ही में चौबेपुर स्थित लोहिया कॉर्प का औद्योगिक भ्रमण किया। एमकॉम और बीकॉम अंतिम वर्ष के छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ने और औद्योगिक प्रक्रियाओं की गहरी समझ विकसित करने के उद्देश्य से यह दौरा आयोजित किया गया था। इस भ्रमण में लगभग 50 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
लोहिया कॉर्प के एचआर प्रमुख कुलदीप ने छात्रों को निर्माण प्रक्रिया, उत्पादों के उपयोग और इकाई के संचालन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने बताया कि यहां निर्मित औद्योगिक मशीनें भारत सहित विश्व के 90 देशों में निर्यात की जाती हैं। छात्रों को कंपनी के वैश्विक संचालन और गुणवत्ता नियंत्रण के बारे में विस्तार से बताया गया।
कॉलेज की प्राचार्या प्रो. नीरू टंडन ने कहा कि इस तरह के औद्योगिक भ्रमण छात्रों के ज्ञानवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वाणिज्य संकाय अध्यक्ष प्रो. मनोज अवस्थी के संयोजन में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसका उद्देश्य छात्रों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ औद्योगिक अनुभव प्रदान करना था।
